August 30, 2026
1

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अगस्त 2026। गांव बिग्गा स्थित अम्बेडकर भवन परिसर में ग्रामीणों के जनसहयोग से स्थापित संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का शनिवार को विधिवत अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण सांगलिया धूणी के परम पूज्य गुरुदेव संत श्री श्री 108 महंत केशव दास महाराज ने किया। इस अवसर पर महंत केशव दास महाराज ने अपने उद्बोधन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए समाज में शिक्षा के प्रसार और जागरूकता को आवश्यक बताया। संत ने समाज को शिक्षा व समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शामिल हुईं। आयोजन समिति की ओर से महंत केशव दास महाराज का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने महाराज को साफा पहनाकर तथा बाबा साहेब की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। वहीं समिति की ओर से समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का स्मृति चिह्न एवं दुपट्टा पहना कर सम्मान किया गया। इस आयोजन में सहयोगी बने बृजलाल तावणियां, ओमप्रकाश सारण, लक्ष्मीनारायण सेवग, मघाराम सुथार, रामप्रताप जाखड़ एवं संतलाल जाखड़ का आयोजन समिति द्वारा स्मृति चिन्ह देकर व दुपट्टा पहना कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे एवं आयोजन से पहले कलश यात्रा भी निकाली गई। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने समारोह में उपस्थित सभी ग्रामीणों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।