








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 जुलाई 2026। गांव जैसलसर का रेलवे अंडर ब्रिज संख्या 11D पर तकनीकी कार्य के चलते मार्ग आज 1 जुलाई से आगामी 50 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। रेलवे ने यहां से आवागमन करने वाले सभी वाहनों, ग्रामीणों से इस आरयूबी के दाएं व बाएं के दो मार्ग बिग्गा स्थित अंडर ब्रिज व बीदासर रोड पर स्थित श्रीडूंगरगढ़ फाटक का प्रयोग करने की सलाह दी है।
वहीं गांव जैसलसर के ग्रामीणों ने श्रीडूंगरगढ़ की स्कूलों में आने वाले नियमित विद्यार्थियों, अंडर ब्रिज पार के खेतों के लिए आने जाने वाले किसानों को होने वाली परेशानी व किसी मरीज को श्रीडूंगरगढ़ लेकर आने में होने वाली मुश्किल के बारे में बताते हुए इस कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने की मांग की। गांव के विक्रम सिंह, रुद्र गोदारा, ओम सिंह, जमना प्रसाद, गंगाराम, बाबूलाल, मदन सुथार सहित अनेक ग्रामीणों ने रेलवे से कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है।




