


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 22 अगस्त 2026। महर्षि दयानन्द सरस्वती छात्रावास विकास समिति, श्रीडूंगरगढ़ की बैठक शनिवार को छात्रावास परिसर में समिति अध्यक्ष एडवोकेट श्यामसुन्दर आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संस्था के आय-व्यय, निर्माण कार्यों की प्रगति, छात्रावासों में शिक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न समाजहितकारी विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। समिति ने संस्था के विकास में समाज के अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। समिति मंत्री सुशील सेरडिया ने 4.12 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों से संबंधित आय-व्यय एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही बैठक का एजेंडा रखा गया। निर्माण कार्यों से संबंधित आय-व्यय पर सदस्यों ने चर्चा की, जिसके बाद रिपोर्ट का अनुमोदन किया गया। इस दौरान दिवंगत श्रीराम आर्य सातलेरा की स्मृति में बालिका छात्रावास के लिए 1 लाख 1 हजार रुपए के सहयोग की घोषणा की गई। सदस्यों ने सहयोग के लिए आर्य के पुत्र हनुमान प्रसाद आर्य तथा पौत्र गोपालराम अध्यापक, मामराज व साजनराम जाखड़ का आभार जताया। बैठक में दोनों छात्रावासों में संचालित शिक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सदस्यों ने शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। पूर्व सरपंच लक्ष्मणराम खिलेरी ने संस्था में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने न्यूनतम 11-11 हजार रुपए की सहयोग राशि के माध्यम से अधिकाधिक समाजबंधुओं को संस्था से जोड़ने की अपील की। समिति अध्यक्ष एडवोकेट श्यामसुन्दर आर्य ने दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से छात्रावास के रूप में एक विकसित मंच तैयार हुआ है, जिसे और अधिक विकसित एवं मजबूत बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताया। बैठक में क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष तुलछीराम गोदारा, पूर्व सरपंच केशुराम कस्वां, सरपंच धूड़ाराम डेलू, पूर्व सरपंच लक्ष्मणराम खिलेरी, चांदराम चाहर, कुम्भाराम गोदारा, धर्माराम कूकणा, कानाराम गोदारा, शंकरलाल भुंवाल सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। छात्रावास अधीक्षक श्रवण कुमार भाम्भू ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।






