


जनजाति अधिकारों की आवाज बुलंद होगी राजगढ़ सम्मेलन, श्रीडूंगरगढ़ में हुआ पोस्टर विमोचन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अगस्त 2026। आगामी 16 अगस्त 2026 को राजगढ़ (चूरू) में आयोजित होने वाले नायक समाज संवैधानिक जनजाति अधिकार सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को श्री नायक विकास सेवा समिति, श्रीडूंगरगढ़ की ओर से सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया गया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा तथा जनजाति पोर्टल पर “नायक/नायका” शब्द के शुद्धिकरण सहित समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और अधिकारों की मजबूती के लिए यह सम्मेलन महत्वपूर्ण साबित होगा। पोस्टर विमोचन के दौरान समाज के लोगों से 16 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में राजगढ़ पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले समाजबंधुओं की सुविधा के लिए श्रीडूंगरगढ़ से राजगढ़ तक आने-जाने हेतु निशुल्क बसों की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर जेतासर सरपंच सहीराम नायक, रतनलाल नायक (सुजानगढ़), मंगलाराम, कुंदन, शिव, जोधाराम, छोटूराम, बाबूलाल, साहबराम, दिनेश तथा अन्य समाजजन उपस्थित रहे।

युवाचार्य अभिनंदन, मंत्र दीक्षा एवं किशोर दिवस का संयुक्त आयोजन, किया मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव बैनर का विमोचन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मालू भवन सेवा केंद्र में रविवार को साध्वी श्री लक्ष्यप्रभाजी के सान्निध्य में युवाचार्य श्री महावीर कुमारजी के मनोनयन पर अभिनंदन समारोह, तेरापंथ युवक परिषद्, श्रीडूंगरगढ़ की ओर से मंत्र दीक्षा कार्यक्रम तथा किशोर दिवस का संयुक्त आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नीतू बोथरा के मंगलाचरण से हुआ। तेरापंथ महिला मंडल की मंजू झाबक, मोनिका मालू एवं हेमलता बरड़िया ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। युवक परिषद् अध्यक्ष विक्रम मालू ने अपने विचार रखे, जबकि सुमित बरड़िया, चमन श्रीमाल, यश गंग एवं विशाल बोथरा ने युवाचार्य अभिनंदन पर गीतिका प्रस्तुत की। तेरापंथ सभा के मंत्री प्रदीप पुगलिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। तेरापंथ कन्या मंडल की प्रेक्षा पुगलिया, गरिमा दुगड़, प्रियांशी सेठिया, नेहा मिन्नी, हर्षिता डागा, दृष्टि बोथरा एवं महक झाबक ने काव्य प्रस्तुति दी। वहीं किशोर मंडल के विशाल बोथरा, अजय बोथरा, ऋषभ झाबक एवं यश चोपड़ा ने प्रेरक लघु नाटिका प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। किशोर दिवस पर विशाल बोथरा ने प्रेरक वक्तव्य भी दिया।
साध्वी संपतप्रभाजी, पुनीतप्रभाजी, दीपयशाजी एवं सुलेखा श्रीजी ने प्रेरक उद्बोधन दिए, जबकि साध्वी श्री नव्यप्रभाजी, उन्नतप्रभाजी, युक्तिप्रभाजी, प्राज्ञप्रभाजी एवं सात्विकप्रभाजी ने गीतिका के माध्यम से युवाचार्य श्री के प्रति मंगलभाव व्यक्त किए। अपने मंगल उद्बोधन में साध्वी श्री लक्ष्यप्रभाजी ने युवाचार्य श्री महावीर कुमारजी के बाल्यकाल के प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए उनके मनोनयन पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर 8 नन्हे बच्चों को मंत्र दीक्षा प्रदान कर नियमित जप एवं साधना का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (एमबीडीडी) अभियान के बैनर का अनावरण किया गया तथा सम्यक दर्शन कार्यशाला 2025-26 के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद्, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल, तेरापंथ किशोर मंडल, अणुव्रत समिति सहित विभिन्न संघीय संस्थाओं के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन के. एल. जैन ने किया।




