June 5, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जून 2026। शुक्रवार को कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की शहर ब्रांच कमेटी के नेतृत्व में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया तथा उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर के चिन्हित स्थानों पर जलभराव की समस्या का समाधान, पेयजल पाइप लाइनों की लीकेज ठीक करवाने, नई पाइप लाइन बिछाने, बिजली कटौती पर रोक लगाने, खंभों पर रोड लाइट लगाने, बंद पड़ी रोड लाइटें चालू करवाने, वार्डों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा ट्रॉमा सेंटर एवं उप जिला अस्पताल भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांग की गई। माकपा कार्यकर्ता शहर ब्रांच सचिव कॉमरेड अशोक शर्मा के नेतृत्व में ट्रॉमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति के धरना स्थल से उपखंड कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में प्रवेश से रोके जाने पर पुलिस एवं होमगार्ड जवानों के साथ हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा। उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। माकपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान कॉमरेड अशोक शर्मा, गौरव टाडा, मदनलाल प्रजापत, हरिप्रसाद सिखवाल, डूंगरराम महिया, सुभाष जावा, ऋषिनाथ, बनवारी स्वामी, गिरधारीलाल जाखड़, मंगतूराम वाल्मीकि, मुनीराम सांसी, सरवर हिन्दुस्तानी, मुकेश दमामी, मुकीम और अनीस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।