Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026
WhatsApp Image 2026-08-28 at 20.20.32
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

गणपति व ऋषि पूजन के साथ विप्रजनों ने धारण किया नया जनेऊ
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रावणी पर्व के अवसर पर शुक्रवार को ठुकरियासर गांव के विप्रजनों ने तोलियासर गांव की रोही स्थित पिपलिया जोहड़ में श्रावणी उपाकर्म का आयोजन किया। इस दौरान वैदिक परंपरा के अनुसार तीर्थ अवगाहन, दशस्नान, हेमाद्रि संकल्प एवं तर्पण सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। पंडित महावीर सारस्वा की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हेमाद्रि संकल्प कराया गया। इसके पश्चात शुद्धिकरण की प्रक्रिया के तहत गाय के गोबर, मिट्टी, भस्म, दूर्वा, अपामार्ग एवं कुशा से मार्जन किया गया तथा पंचगव्य से स्नान एवं प्राशन की परंपरा निभाई गई। स्नान व तर्पण के बाद गणपति एवं ऋषियों का पूजन किया गया। इसके पश्चात विप्रजनों ने पुराने यज्ञोपवीत का त्याग कर विधि-विधान के साथ नया जनेऊ धारण किया। इस अवसर पर पंडित रामनारायण, परमेश्वरलाल, गोविन्द सारस्वत, चन्दनमल प्रजापत, किशनलाल लुखा, पवन सारस्वत सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पिपलिया जोहड़ में श्रावणी उपाकर्म के दौरान धार्मिक अनुष्ठान करते ठुकरियासर के विप्रजन।

श्रावणी पूर्णिमा पर झूलेलाल मंदिर में हुआ दुग्धाभिषेक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को श्रीझूलेलाल मंदिर में भगवान शिव का दुग्ध अभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न की गई। सिंधी समाज के सक्रिय युवा रवि रिझवानी ने बताया कि सुबह 5 से 7 बजे तक आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंडित अनिल उपाध्याय एवं पंडित अभिषेक बोहरा के सान्निध्य में विधि-विधान से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दुग्ध अभिषेक किया तथा भजन, पूजा-पाठ एवं हवन में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। नरेंद्र गुरनाणी ने बताया कि सावन के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गूंजता रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रद्धालुओं ने विधि विधान से संपन्न किया भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक।

श्रावणी पूर्णिमा पर शिव मंदिर में यज्ञ, ग्रामीणों ने दी आहुतियां
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर गांव तोलियासर के शिवजी मंदिर में ग्रामीणों द्वारा गांव की सुख-समृद्धि एवं विश्व शांति की कामना को लेकर यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। हवन में श्रवण सिंह मुख्य यजमान रहे, वहीं हेमसिंह, गोविंदसिंह, संतोषसिंह, पूनमसिंह, भंवरसिंह, आलोकसिंह, बजरंगसिंह, राजाराम राजपुरोहित सहित अनेक श्रद्धालु व मातृशक्ति ने भागीदारी निभाई। इस अवसर पर एक माह से चल रहे शिव पुराण वाचन का भी विधिवत पूर्णाहुति हुई। अनुष्ठान पूर्ण होने पर कन्याओं को भोजन करवाया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर में संपन्न हुआ अनुष्ठान, ग्रामीणों ने गांव में सुख शांति व क्षेत्र में समृद्धि की कामनाएं की।