स्कूलों में लगे मतदाता पंजीकरण शिविर, पात्र युवाओं को नाम जुड़वाने के लिए किया जागरूक
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2026। “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” थीम के तहत उपखंड निर्वाचन शाखा श्रीडूंगरगढ़ की ओर से शहरी क्षेत्र के सरस्वती स्कूल, सृजन स्कूल एवं दयानंद विद्या निकेतन में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में पात्र युवाओं का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए पंजीकरण किया गया तथा उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम झंवरलाल मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित शिविरों में नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और लोकतंत्र में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी। सरस्वती स्कूल में आयोजित शिविर में एसीबीईओ-2 सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करना है। वहीं, दयानंद विद्या निकेतन में एसीबीईओ-1 अशोक कुमार चुग ने विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और निर्वाचन प्रक्रिया में उसकी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सुपरवाइजर मदन कड़वासरा ने विद्यार्थियों से पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। शिविरों में बीएलओ महेश जोशी, श्यामसुंदर निर्वाण, अरविन्द माली, गोपीराम महिया, विक्रम सैन एवं किशनलाल सांखला ने नए मतदाताओं का पंजीकरण किया। निर्वाचन शाखा से लीलाराम मीणा और मांगीलाल ने भी सहभागिता निभाई।

1007729231-DyXpMPQE.webp

मोमासर महाविद्यालय में नव मतदाता पंजीकरण अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई शत-प्रतिशत मतदान की शपथ
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2026। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को राजकीय महाविद्यालय, मोमासर में नव मतदाता विशेष पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। निर्वाचन एवं उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल के निर्देशानुसार तथा सीबीईओ सरोज पूनियां वीर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई और शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सीबीईओ कार्यालय से आरपी पवन कुमार प्रजापत ने भाग लेकर ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) से संबंधित जानकारी दी। सेक्टर नंबर 8 के सुपरवाइजर मनोज कुमार लखारा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का महत्व है और लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी पात्र नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। बीएलओ विनोद कुमार शर्मा ने ईसीआईनेट (ECINET) के माध्यम से मतदाता पंजीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय व्याख्याता प्रभूराम के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर बीएलओ भीयाराम जाखड़, जगदीश प्रसाद, राजेश जोहिया, महावीर सिंह, प्रगणक विकास कुमार तथा महाविद्यालय स्टाफ से राजेश कुमार एवं ऋणी शर्मा सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।

1007729230-Hd5Vpjjq.webp