श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2026। शरद पूर्णिमा पर हनुमान मंदिरो में उल्लास के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पूनरासर में दो दिवसीय मेला सोमवार शाम को संपन्न हुआ। यहां एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा को धोक लगाकर अपनी मन्नतें मांगी। सूडसर में मनसापूर्ण हनुमानजी मंदिर में भी धूमधाम से शरद पूर्णिमा उत्सव संपन्न हुआ।
आड़सर बास ठाकुरजी मंदिर में पालिकाध्यक्ष ने दी बधाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास स्थित ठाकुरजी मंदिर में रविवार रात उत्साह के साथ शरद पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। यहां पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी सहित मोहल्लेवासी मौजूद रहे। मंदिर प्रांगण में भजन कीर्तन व हनुमान चालीसा के पाठ व मध्यरात्रि को आरती पूजन संपन्न किया गया। यहां ठाकुरजी को 51 किलो खीर का भोग लगाया गया। पालिकाध्यक्ष ने शहर में सुख व शांति की मंगलकामना करते हुए शहरवासियों को बधाई दी। सभी श्रद्धालुओं में खीर और तरबूज का प्रसाद वितरित किया गया।
मोमासर बास के बालाजी मंदिर में सवामण खीर का भोग लगाया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के मोमासर बास स्थित ठाकुरजी व बालाजी मंदिर में बीती रात शरद पूर्णिमा महोत्सव उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बालाजी महाराज को सवा मण दूध की खीर का भोग लगाकर प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। मंदिर के पुजारी श्यामसुंदर स्वामी ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुंदरकांड पाठ और कीर्तन का आयोजन संपन्न किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्सव में भागीदारी निभाई और बालाजी के जयकारे लगाए।
आड़सर बास माताजी मंदिर में शरद पूर्णिमा पर की ज्योत-आरती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के आड़सर बास स्थित माताजी मंदिर में बीती रात शरद पूर्णिमा के अवसर पर उत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर प्रांगण में मध्यरात्रि तक भजन कीर्तन का आयोजन हुआ व उसके बाद ज्योत आरती की गई। माता को खीर का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में खीर प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या श्रद्धालु शामिल हुए व भजनों पर झूमे।


