श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 नवंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति व रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में गुरुवार को होने वाले पंच एवं सरपंच चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से बुधवार को उपखंड कार्यालय के सभागार में सभी सेक्टर अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने सभी सेक्टर अधिकारियों को चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रहे, इसके लिए सभी अधिकारी सजग रहें तथा चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखें। एरिया मजिस्ट्रेट रमेश सिंह चौहान ने बैठक में मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर नौरत मल शर्मा एवं सेवानिवृत्त उपकोष अधिकारी बजरंग लाल सेवग ने भी चुनाव संबंधी  जानकारियां साझा कीं। अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया के बारे में विस्तृत चर्चा की।

e75e043a-9720-4000-af77-2fa2915d4124-zyrIZsQe.webp