श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 नवम्बर 2026। राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी कभी स्थाई नहीं होती एवं इस कारण चुनावों के दौर में कई राजनैतिक उलटफेर देखने को मिलते है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी ऐसी ही राजनैतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया जब भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत सहित भाजपा नेताओं की टोली क्षेत्र के कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रधान सुरजाराम भूंवाल के घर पहुंची एवं भूंवाल सहित गांव लिखमीसर उतरादा के ग्रामीणों ने उनका उत्साह से स्वागत किया। पंचायत समिति सदस्यों एवं जिला परिषद सदस्यों के मतदान से ठीक एक दिन पहले सोमवार शाम को हुई इस मुलाकात में भाजपा नेताओं ने भाजपा के जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी एवं पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी के पक्ष में वोट भी कांग्रेस नेता सुरजाराम भूंवाल के घर बैठ कर मांगें। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार का कोई दुपट्टा पहना कर किसी को पार्टी ज्वाईन करवाने की कार्रवाही तो नहीं हुई लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में राजनैतिक चर्चाओं को तूल दे दिया है। विदित रहे कि सूरजाराम भूंवाल ने इस बार ग्राम पंचायत लिखमीसर उतरादा में अपनी पुत्रवधु को सरपंच प्रत्याशी के रूप मैदान में उतार रखा है। ऐसे में इस मुलाकात ने कई राजनैतिक नफा-नुकसान का आंकलन भी लोगों की चर्चाओं में है। हालांकि भाजपा नेताओं द्वारा भी अपने प्रचार अभियान की प्रेस रिलिज में इसका उल्लेख नहीं किया गया एवं इस मुलाकात की चर्चा बाहर नहीं आने दी गई। ऐसे में आप भी देखें इस मुलाकात के एक्सक्लुसिव वीडियो।  https://www.facebook.com/share/v/19Xy3w6STp/

2829db84-18c0-432a-8e75-9e1b0251c129-j8NV4ZNz.webp