श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवंबर 2026। किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल करते हुए लर्न एंड फन इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने मंगलवार को शहर में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागृति का अनूठा संदेश दिया। बच्चों ने बस स्टैंड से रानी बाजार तक रैली निकालकर विभिन्न स्थानों पर प्रभावशाली अभिनय के जरिए आमजन को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने बाजार में लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सकारात्मक संदेशों से वातावरण में नई ऊर्जा का संचार किया।
तीन नाटकों में उठाए जनहित के मुद्दे
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यार्थियों ने अपने पहले नुक्कड़ नाटक में शहर की स्वच्छता का महत्व समझाते हुए लोगों से कचरा इधर-उधर नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने नगरपालिका द्वारा किए जा रहे स्वच्छता प्रयासों में नागरिकों की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए शहर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। दूसरे नाटक में बच्चों को मोबाइल फोन की बढ़ती लत से दूर रखने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उनके साथ समय बिताएं और छोटी उम्र में मोबाइल की आदत डालने से बचें। नाटक के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। तीसरे नाटक में दीपावली सहित त्योहारों के दौरान बाजार में मिलने वाली मिलावटी मिठाइयों के प्रति सावधान रहने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने खाद्य सुरक्षा नियमों और शुद्ध खाद्य पदार्थों के महत्व को समझाते हुए आमजन को जागरूक किया।
बाजार में उमड़ी भीड़, बच्चों के अभिनय की सराहना
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विद्यार्थियों ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, कोडामलजी सोनी की दुकान के सामने, विजय स्टोर के पास, रानी बाजार में दो मुख्य चौराहों पर तथा सोहनजी कटला के समीप नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया। प्रत्येक स्थान पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ जुटी। बच्चों के आत्मविश्वास, अभिनय और प्रभावी संवादों की उपस्थित नागरिकों ने सराहना की। कार्यक्रम में रुद्र, हिमांशी, रूहिका, रियांशी, राघव, आदित्य, कार्तिक सोनी, कल्पित, मनन, अंकित, अर्पित, सोनाक्षी, खुशी, भूमि, नंदिता, कृष्णा, कृष्णा पारीक एवं इंदु सहित विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनके साथ शिक्षक हर्षित जैन, कोमल सारस्वत, जया सेवग, अश्लेखा सोनी, घनश्याम व्यास एवं मुख्तियार अली उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधक धीरज पुरोहित ने आमजन से विद्यार्थियों द्वारा दिए गए संदेशों को समझने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत छोटे-छोटे प्रयासों से होती है और बच्चों की जागरूकता समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

1be2e51e-926f-4ef7-9805-672b01348c47-x8QXr2UL.webp3e0ddf4d-a948-477c-8ed9-59904594fdb3-KpL9b991.webp027a5f4c-ecc0-4262-8636-62abaadf15c4-h3Rl7utg.webp3776a6b3-bc29-4e94-ae41-0c8603376f0e-Jf3oRq1w.webpdabbc33a-9a32-4c56-b6b8-97573a67abb9-XLC9AkKW.webpf4d4ea02-7613-4cd9-bf6b-36060a98785d-leSw1Cw8.webp