श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवंबर 2026। शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को मजबूत करने की दिशा में सेसोमूं स्कूल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय को एनसीसी की सरकारी सीटें आवंटित हुई हैं। इसके साथ ही सेसोमूं स्कूल श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का पहला विद्यालय बन गया है, जिसे एनसीसी का आवंटन मिला है। विद्यालय के लिए यह उपलब्धि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के नए अवसर लेकर आई है। चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन पद्मा मूंधड़ा के मार्गदर्शन  से प्राप्त इस उपलब्धि के तहत 7 राज बटालियन एनसीसी बीकानेर के कमान अधिकारी मनदीप सिंह निजर के नेतृत्व में विद्यालय में कैडेट्स चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। हवलदार लालचंद एवं हवलदार राकेश परमार ने चयन प्रक्रिया संपन्न करवाई। इसमें 208 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 25 विद्यार्थियों का एनसीसी कैडेट्स के रूप में चयन किया गया।
एनसीसी से निखरेगा विद्यार्थियों का व्यक्तित्व
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चयन प्रक्रिया के दौरान हवलदार लालचंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एनसीसी के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति जैसे गुण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी से जुड़कर देश सेवा के लिए स्वयं को तैयार करने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने एनसीसी आवंटन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता को निखारने का विशेष अवसर मिलेगा। विद्यालय में एनसीसी की शुरुआत से विद्यार्थियों में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को नई मजबूती मिलेगी।

c05d2cab-8d15-4bb8-93e9-9e2ae318ff43-bFGPntq5.webp