श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 नवंबर 2026। गांव की चौपालों से लेकर घरों की दहलीज तक चुनावी चर्चाओं का शोर है। सरपंची के दावेदारों की धड़कनें तेज हैं, समर्थकों की नींद गायब है और मतदाताओं के मोबाइल लगातार घनघना रहे हैं। कल होने वाले सरपंच एवं पंच चुनाव से पहले आज की रात प्रत्याशियों के लिए सबसे भारी रात बन गई है। कहीं एक-एक वोट की मनुहार हो रही है, तो कहीं रिश्तेदारी के दम पर सिफारिशों की पूरी चेन सक्रिय है। गांवों में चुनावी रोमांच ऐसा है कि हर प्रत्याशी को अब अपने जीत के समीकरण में एक-एक वोट की कीमत समझ आ रही है।
‘सगा सीख रा धणी हो, वोटां रा धणी कोनी बणन देवां’!
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रीड़ी क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में एक बुजुर्ग का राजस्थानी अंदाज अपने रिश्तेदार को दिया जवाब चुनावी चर्चाओं में आज खूब सुर्खियां बटोर रहा है। दूर बैठे रिश्तेदार फोन कर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की सिफारिश कर रहे हैं। ऐसे ही एक फोन पर बुजुर्ग ने दो टूक कहा- “सगा सीख रा धणी हो, वोटां रा धणी कोनी बणन देवां।” यानी रिश्तेदारी का मान-सम्मान अपनी जगह, लेकिन वोट का मालिक कोई दूसरा नहीं बन सकता। बुजुर्ग की यह बात अब गांव भर में ही नहीं चुनावी संवाद का नया जुमला बन गई है। कई मतदाता रिश्तेदारों के फोन पर इसी अंदाज में जवाब देकर अपनी जान छुड़ा रहे हैं। सिफारिश करने वाले रिश्तेदार भी समझ नहीं पा रहे कि आखिर वोट की गारंटी कैसे लें!
साम-दाम-दंड-भेद की रणनीति, हर वोट पर नजर
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरपंची की कुर्सी के लिए गांवों में चुनावी बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ अंतिम दौर की रणनीति बनाने में जुटे हैं। घर-घर जाकर चुनाव चिह्न समझाने से लेकर मतदाताओं को मतदान के लिए तैयार करने तक हर कोशिश जारी है। कहीं पुराने रिश्ते याद दिलाए जा रहे हैं, तो कहीं नए समीकरण बनाए जा रहे हैं। प्रत्याशियों के लिए आज की रात किसी राजनीतिक अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। समर्थक भी अपने प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। चुनावी माहौल में साम, दाम, दंड, भेद की चर्चाएं गांव की चौपालों पर खूब रंग जमा रही हैं।
अतिसंवेदनशील गांवों में प्रशासन की धड़कनें भी तेज
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जहां प्रत्याशियों की रात बेचैनी में गुजर रही है, वहीं पुलिस एवं प्रशासन के लिए अतिसंवेदनशील गांवों में शांतिपूर्ण मतदान करवाना बड़ी चुनौती है। अधिकारी लगातार फीडबैक ले रहे हैं और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। कुछ मतदान केंद्रों के आरओ द्वारा अतिरिक्त पुलिस जाप्ते की मांग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है और निष्पक्ष मतदान करवाने की तैयारियों में जुटा है।
आज रात की मेहनत, कल मतपेटी का फैसला!
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांवों में आज प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। समर्थकों की सक्रियता, मतदाताओं की चुप्पी और रिश्तेदारों की सिफारिशों के बीच चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प बन गया है। कोई अपनी जीत के दावे कर रहा है, तो कोई भीतर ही भीतर वोटों का हिसाब लगा रहा है। लेकिन मतदाता के मन में क्या है, यह अभी भी सबसे बड़ा रहस्य बना हुआ है। आज की रात किसकी रणनीति सफल होगी, किसका समीकरण बिगड़ेगा और किसकी सरपंची की उम्मीदों पर पानी फिरेगा, इसका फैसला कल गांव की जनता अपने मताधिकार से करेगी। फिलहाल सरपंची के दावेदारों के लिए रात लंबी है और बेचैनी चरम पर!