श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 नवम्बर 2026। दीपावली सहित त्योहारी सीजन में नए नोटों की मांग को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक की श्रीडूंगरगढ़ स्थित चेस्ट ब्रांच में बुधवार को नए नोटों का वितरण किया गया। मुख्य बाजार स्थित बैंक शाखा में बड़ी संख्या में व्यापारी और आमजन नए नोट लेने पहुंचे। बैंक परिसर सहित नोट लेने उमड़े उपभोक्ताओं की भारी भीड़ की कतारें बैंक के बाहर तक लगी नजर आई। चेस्ट ब्रांच के शाखा प्रबंधक गौतम कुमार ने बताया कि बैंक की ओर से त्योहारी सीजन में शहर के 600 से अधिक व्यापारियों एवं आमजन को नए नोट वितरित किए गए। बैंक के निर्धारित नकद लेन-देन समय में एसबीआई के खाताधारकों को अपने खाते से निकासी के दौरान नए नोट प्राप्त करने की सुविधा दी गई। बैंक की ओर से 10, 20, 50 और 100 रुपये के नए नोटो की गड्डीयां वितरित की गई। त्योहारों पर नए नोट मिलने से व्यापारियों और आमजन में उत्साह नजर आया। बैंक की इस पहल से लोगों को त्योहारी खरीदारी और शुभ अवसरों पर नए नोटों की उपलब्धता का लाभ मिला और लोगों ने बैंक प्रशासन का आभार जताया।


