श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2026। पंचायती राज चुनावों को लेकर ग्राम पंचायतों में घमासान मचा है। कार्यालय खुल गए है और एक एक वोट की जोर आजमाईश शुरू हो गई है। प्रवासी मतदाताओं से भी प्रतिदिन संपर्क साधा जा रहा है। गांवो में इस बार त्योहारी सीजन के बजाए चुनावी सीजन का असर छाया है। गुवाड़ व चौपालों पर लगने वाली बैठकें अब सरपंच प्रत्याशियों के कार्यालयों पर होने लगी है। अपने अपने खेमे के समर्थकों व कार्यकर्ताओं को मजबूत किया जा रहा है। विदित रहें श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की सबसे बड़ी पंचायत मोमासर और उसके बाद उदरासर का चुनाव शहर में भी चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। वहीं रीड़ी पंचायत समिति में ग्राम पंचायत रीड़ी का सरपंच चुनाव भसी जबरदस्त सुर्खियों में है। बता देवें क्षेत्र में तीसरे चरण में चुनाव संपन्न होंगे। ग्राम पंचायतों की सरपंचाई के लिए मतदान 5 नवंबर 2026 को होगा। नामाकंन 4 नवंबर की सुबह 8 बजे से 11 बजे तक होगा व इसी दिन दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय होगा। वहीं पांच को मतदान के तुरंत बाद ही चुनाव परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।
क्षेत्र में सर्वाधिक वोट मोमासर ग्राम पंचायत में है। यहां 29 वार्ड है और कुल 10,297 मतदाता है और 10 मतदान केंद्र है। मोमासर के वार्ड 28 में सर्वाधिक 467 मतदाता है। वहीं सबसे कम वार्ड 23 में 263 मतदाता है। वहीं गांव में सरपंच प्रत्याशी पूर्व सरपंच जेठाराम भामूं, पूर्व सरपंच रामूराम गोदारा के पुत्र मनफुल गोदारा, पूनमचंद ढ़बास, अन्नाराम भामूं, रामनिवास (मेजर) भामूं, देवाराम सारण ने गुड़ बांटने के कार्यक्रमों का आयोजन कर दिया है व ग्रामीणों से समर्थन मांगा है। वहीं प्रत्याशी विद्याधर शर्मा ने कार्यालय खोल लिया है। एक प्रत्याशी शंकरलाल मेघवाल द्वारा सोमवार को गुड़ बांटने का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा जिसके लिए आज गांव में न्योता दिया जा रहा है। सभी प्रत्याशियों गांव में जनसंपर्क में जुटे है और मतदाताओं से समर्थन मांग रहें है।
ग्राम पंचायत उदरासर का चुनाव भी जबरदस्त रोचक चुनाव हो रहा है। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की इस ग्राम पंचायत में 11 वार्ड है और 5 मतदान केंद्र है। कुल मतदाता 3,857 है। सर्वाधिक मतदाता वार्ड 10 में 432 है और सबसे कम वार्ड 5 में 229 मतदाता है। यहां मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशियों का धुंआधार जनसंपर्क जारी है। यहां सरपंचाई के लिए मैदान में वर्तमान सरपंच किशनाराम गोदारा, संतोष गोदारा धोलिया, शीशपाल गोदारा व बाबूलाल पंचारिया डटे है। चारों प्रत्याशियों ने गुड़ बांटने का कार्यक्रम संपन्न कर ग्रामीणों से जनसमर्थन देने की मांग की है।
रीड़ी पंचायत समिति में 31 ग्राम पंचायते है। इनमें रोमांचक चुनाव रीड़ी ग्राम पंचायत का होने जा रहा है। नवनिर्मित इस पंचायत समिति में पहली बार पृथक और नए चुनावी समीकरण बन रहें है। रीड़ी में 23 वार्ड है और 8 मतदान केंद्र है। यहां कुल 8005 मतदाता है। वार्ड 23 में सर्वाधिक 400 मतदाता है और वार्ड 16 में सबसे कम 284 मतदाता है। यहां जबरदस्त कशमकश वाला चुनाव है। यहां तीन सरपंच प्रत्याशी मैदान में है और लगातार गांव में संपर्क का कार्यक्रम जारी है। प्रत्याशी एक एक घर तक पहुंचकर वोट की अपील ग्रामीणों से कर रहें है। यहां सरपंचाई के मैदान में वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, किशननाथ बलिहारा व मनोज जाखड़ उतरे है।
सबसे बड़ी मोमासर पंचायत में अब तक 8 प्रत्याशी उतरे मैदान में, उदरासर में 4 और रीड़ी में 3 प्रत्याशियों ने लगाया दम खम।