श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2026। रविवार सुबह पूनरासर मंदिर में बाबा की ज्योत आरती के बाद दो दिवसीय पूनरासर मेला प्रारंभ हो गया है। मंदिर परिसर को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। बाबा का फुलों से श्रृंगार किया गया। पूर्व संध्या पर भी मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के दरबार में धोक लगाई। यहां पुजारी ट्रस्ट की ओर से यात्रियों के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई है। आज और कल दोनों दिन ही भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यहां आज रात 11 क्विंटल खीर का प्रसाद बनाकर बाबा को भोग लगाया जाएगा और सोमवार सुबह प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
क्षेत्र के प्रसिद्ध हनुमान धोरा मंदिर में आज रात जागरण व बाबा के दिव्य श्रृंगार, महाआरती के आयोजन होंगे। यहां बाबा को 101 किलो का खीर प्रसाद बाबा को भोग लगाया जाएगा व श्रद्धालुओं में खीर का वितरण किया जाएगा। सोमवार सुबह विशेष ज्योत आरती का आयोजन कर कल पूर्णिमा संपन्न की जाएगा। हनुमान धोरा मंदिर में भी दो दिवसीय मेले का माहौल रहेगा। बिग्गाबास के बालाजी मंदिर से आज शाम 4 बजे पैदल यात्री संघ रवाना होगा। इस मंदिर में सोमवार रात 8 बजे से सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। बाबा को यहां 51 किलो खीर का भोग लगाया जाएगा। कालूबास स्थित पूनरासर हनुमान मंदिर में कीर्तन पूजन के आयोजन संपन्न होंगे व सवामण खीर का बाबा को भोग लगाया जाएगा। वहीं गांव सूडसर में प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर में भी अनेक धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे व बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर बाबा के दरबार में धोक लगाएंगे। गांव जेतासर के पंचमुखी बालाजी मंदिर में धूमधाम से शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन होगा। अनेक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे और बाबा को खीर व मतीरा का भोग लगाया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां बाबा के दर्शन कर धोक लगाएंगे।
पूनरासर धाम के लिए पैदल संघ रवाना
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड 32 से रविवार सुबह पूनरासर धाम के लिए पैदल यात्री संघ पार्षद भरत सुथार की अगुवाई में जयकारों के साथ रवाना हुआ। इस अवसर पर चांदरतन सेठिया, मांगीलाल ब्राह्मण, आसाराम सुथार, दुलाराम सुथार, भागीरथ नाई, चेनाराम जाट, छगनलाल दर्जी, सांवरमल सुथार, संतोष सुथार, परमेश्वर सुथार एवं पूनमचंद्र सुथार सहित अनेक वार्ड सदस्य उपस्थित रहें। वार्ड में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा और सभी ने पूनरासर बालाजी महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना करेंगे।


