श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2026। सेवा का संकल्प जब जरूरत के वक्त काम आए, तो उसकी सार्थकता और बढ़ जाती है। गांव बाना में सरपंच प्रत्याशी भंवरलाल बाना द्वारा भेंट की गई एंबुलेंस ने पहली ही रात अपनी उपयोगिता साबित कर दी। बुधवार रात करीब 8 बजे बीदासर रोड पर बाना स्टैंड के पास पिकअप और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। हादसे में महाजन निवासी कृष्ण शर्मा और कुलदीप सेन घायल हुए, जिन्हें आपणो गांव सेवा समिति बाना की एंबुलेंस से सेवादारों ने तत्काल श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचाया।

गांव के हितार्थ भेंट की गई इस नई एंबुलेंस से पहली बार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जरूरत के समय मिली इस सेवा से ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताते हुए पहल की सराहना की। ग्रामीण क्षेत्रों में आपात स्थिति के दौरान समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में गांव में एंबुलेंस उपलब्ध होना जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।

गांवों में सेवा की नई पहल
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पंचायती राज चुनाव के बीच क्षेत्र में जनसेवा की एक सकारात्मक तस्वीर भी सामने आ रही है। सरपंच प्रत्याशियों द्वारा ग्रामीणों की चिकित्सा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करवाने की पहल की जा रही है। गांव ठुकरियासर में बीरबल देहड़ू, दुसारना पंडरिकजी में दानाराम सेरड़िया तथा ऊपनी में भी एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करवाई गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे क्षेत्र में आपात चिकित्सा सुविधा को मजबूत होगी और ये प्रयास सीधे लोगों के जीवन में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

2dffc7de-eb0d-457d-90a2-ee56182c0bc0-6cebCbyE.webp