श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2026। क्षेत्र के गांव रीड़ी स्थित 33 केवी जीएसएस में लगा 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर जलने से बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है। पांच दिन बीत जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर की समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली व्यवस्था प्रभावित रहने और विभाग की लेटलतीफी से किसानों में नाराजगी है। इस संबंध में रालोपा नेता डॉ विवेक माचरा ने विभागीय उच्चाधिकारियों सहित जिला कलेक्टर से बात कर शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। डॉ. विवेक माचरा ने बताया कि विभाग के एक्सईएन सहित अन्य अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर बीकानेर से नया ट्रांसफार्मर तत्काल रवाना करवाने और रीड़ी जीएसएस में जल्द स्थापित करवाने की मांग उठाई गई है। उन्होंने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को किसानों की परीक्षा नहीं लेकर बिजली आपूर्ति पूरी देने की बात कही।