श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2026। जमीन के लिए भाइयों के बीच के विवाद नजदीकी रिश्तों के भरोसे को कोर्ट कचहरी में खड़ा कर रहें है। एक अनपढ भाई का अंगूठा लगवा कर दूसरे भाई ने भूमि बेचकर रूपए प्राप्त करने का मामला दर्ज हुआ है। 
क्षेत्र के गांव सोनियासर निवासी डूंगरराम पुत्र लूणाराम जाट ने अपने भाई रामूलाल जाट के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने लूणकरणसर थाने में मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसकी भूमि छलकपट पूर्वक बेच दी। करीब एक माह पूर्व तहसील कार्यालय लूणकरणसर से दस्तावेज निकलवाए तो उसे पता चला कि आरोपी ने षडयंत्र रचकर उसके अनपढ़ होने का नाजायज फायदा उठाया और उसकी भूमि का बंटवारा नहीं लिखवाकर बैनामा लिखवा लिया। उस पर परिवादी का अंगूठा लगवा लिया। उसने खरीददार से बातचीत की तो उसने बताया कि बैनामा लिखी हुई भूमि की संपूर्ण रकम आरोपी ने उससे ले ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेश कुमार को दी है।