श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2026। भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल जोशी शुक्रवार को जयपुर में आयोजित प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में सरकार और प्रवासी राजस्थानियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में नजर आए। झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सम्मेलन में राजस्थान सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल सहित प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी, जयपुर के महापौर सुनील कोठारी और अनेक गणमान्यजन शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के विकास, निवेश और रोजगार सृजन में प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। राजस्थान फाउंडेशन के 11 नए चैप्टर्स के शुभारंभ की घोषणा के साथ ‘विकास के सहभागी’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनिल जोशी ने प्रवासी राजस्थानी एवं भामाशाह जतन पारख की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वन-टू-वन मुलाकात करवाई। इस मुलाकात को प्रवासी राजस्थानियों और प्रदेश सरकार के बीच संवाद तथा निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में जोशी की सक्रिय भागीदारी के साथ प्रदेश स्तर पर उनकी भूमिका भी चर्चा में रही। जोशी ने बताया कि सम्मेलन में राजस्थान में निवेश की संभावनाओं और प्रदेश के विकास में प्रवासियों की भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।








