श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 नवंबर 2026। चुनावी मैदान में हार-जीत के बाद अक्सर गांवों में राजनीतिक खेमेबंदी और दूरियां देखने को मिलती हैं, लेकिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत इंदपालसर सांखलान और गांव राईकान के ग्रामीणों ने इस धारणा को बदलते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की है। हाल ही में संपन्न सरपंच चुनाव में अमिता देवी भले ही जीत हासिल नहीं कर सकीं, लेकिन ग्रामीणों के स्नेह और सम्मान ने उन्हें एक अलग ही जीत का अहसास करवाया। दीपावली के अवसर पर रविवार सुबह ग्रामीणों ने अमिता देवी के परिवार का सम्मान करते हुए 5.82 लाख रुपए की सहयोग राशि भेंट की है। रितिक सारस्वत ने जानकारी देते हुए बताया कि सरपंच चुनाव में अमिता देवी के पराजित होने के बाद दोनों गांवों के ग्रामीणों ने सामूहिक सहयोग से उनका सम्मान व सहयोग करने का निर्णय लिया। दीपावली के दिन ग्रामीणों ने अमिता देवी के ससुर उदाराम मेघवाल को साफा पहनाकर सम्मानित किया और 5.82 लाख रुपए की नगद राशि भेंट की। ग्रामीणों का स्नेह व सहयोग देखकर उदाराम भावुक हुए व परिवार सहित ग्रामीणों का आभार जताया। इस अवसर पर जैसाराम सहू, पंच रिछपाल राईका, पंच मोटाराम सारस्वा सहित इंदपालसर सांखलान और राईकान गांवों के अनेक मौजिज ग्रामीण मौजूद रहे। समारोह में ग्रामीणों ने सकारात्मक संदेश दिया कि लोकतंत्र में चुनावी परिणाम अपनी जगह हैं, लेकिन गांव का भाईचारा, सामाजिक समरसता और आपसी सम्मान सबसे जरूरी हैं। सरपंच पद पर जीत किसी एक प्रत्याशी की हो सकती है, मगर गांव की एकता और खुशहाली पूरे समाज की जीत है। दीपावली के अवसर पर ग्रामीणों का यह कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और इसे सामाजिक सौहार्द की प्रेरणादायी मिसाल मानी जा रही है।



