श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से शुक्रवार को लखासर टोल प्लाजा पर वाहन चालकों के लिए निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में 62 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 11 चालकों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि एक चालक में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। सीएमएचओ के निर्देश पर सीकर-बीकानेर हाईवे लिमिटेड की ओर से एएसजी हॉस्पिटल बीकानेर एवं आई हॉस्पिटल श्रीडूंगरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शिविर लगाया गया। इसमें डॉ. सुनील गोयल, दीपमाला शर्मा, मीणा सारण, डॉ. कपिल चौहान, हरेंद्र गोयल और प्रवीण खत्री ने सेवाएं दीं। टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से मैनेजर सुनील सिंह, निकिन कुमार, राजेश पैरामेडिकल और उम्मेद सिंह ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। शिविर के दौरान आरटीओ जितेंद्र सिंह भाटी, आनंद सिंह और श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा। टोल प्रबंधक सुनील सिंह ने बताया कि वाहन चालकों की आंखों की नियमित जांच सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक है। दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर पता चलने और उपचार होने से दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।

