श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2026। आगामी पंचायत चुनाव-2026 में मतदाता भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कीतासर भाटियान के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय वृद्धजन एवं दिव्यांगजन मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वीप अभियान के तहत हुए इस आयोजन में कीतासर भाटियान और कीतासर बीदावतान के ग्रामीण शामिल हुए। उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने वरिष्ठजनों और दिव्यांगजनों को समाज का अहम हिस्सा बताते हुए आगामी पंचायत चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने का आह्वान किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बीकानेर के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। निर्वाचन शाखा के नायब तहसीलदार रमेश सिंह चौहान ने बताया कि दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और रैम्प सुविधा आवश्यक रूप से उपलब्ध करवाई जायेगी। स्वीप के ब्लॉक नोडल प्रभारी एवं विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल ने सभी से मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की। विद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य खुशबू सारण ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों और दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन नौरतमल शर्मा ने किया। इसमें शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रतिनिधियों ने भागीदारी निभाई। इस अवसर पर निर्वाचन शाखा से भव्य कटारिया, मुकेश झरवाल, नंदकिशोर और डॉ. मनीष सैनी, राजीविका से रघुनाथ डूडी व मदन बेनीवाल, मुकेश भाटी, ज्ञानाराम पूनिया, भंवरलाल यादव, मानाराम, भवानीशंकर, सुभाष पूनिया, पूर्व सरपंच हनुमानाराम व्यास सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

be2d125b-7724-41e5-b9bc-7969e29f4730-xnKk0WW5.webp