श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स | 16 अक्टूबर 2026। गांवों की चौपालों पर चुनावी चर्चाएं, दावेदारों के घरों पर ग्रामीणों का जमावड़ा और हर बैठक में जीत-हार के समीकरण! पंचायती राज चुनाव को लेकर श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। जिला परिषद के सात वार्डों में नामांकन वापसी और जांच के बाद प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है। अब चुनावी रणनीतियां बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और ग्रामीणों के बीच अपनी बात पहुंचाने का दौर तेज हो गया है। जिला परिषद के साथ पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पद के दावेदार भी सक्रिय नजर आने लगे हैं।

सात वार्ड, 31 प्रत्याशी और मुकाबले के अलग-अलग समीकरण
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला परिषद के वार्ड 35 से 41 तक कुल 31 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 35, 38, 39 और 41 में भाजपा, कांग्रेस, रालोपा और माकपा के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। वार्ड 36 में माकपा प्रत्याशी के नाम वापस लेने से तीन दलों के प्रत्याशी रह गए हैं। वार्ड 37 में छह प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि वार्ड 40 में चार प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कांग्रेस की एक प्रत्याशी का नामांकन खारिज हुआ और एक डमी नामांकन वापस लिया गया।

महिला प्रत्याशियों के बीच भी रोचक मुकाबले
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला परिषद के सात वार्डों में महिला आरक्षण वाली सीटों पर मुकाबला खासा दिलचस्प है। वार्ड 35 में ओबीसी महिला सीट पर भाजपा की इंद्रा बहादुरनाथ, रालोपा की बिमला गणेशाराम, माकपा के भगवती ओमनाथ और कांग्रेस की सुमन मुकेश गोदारा मैदान में हैं। वार्ड 36 में कांग्रेस की चंदा देवी, रालोपा की मंजूदेवी और भाजपा की सरिता ओमप्रकाश शर्मा के बीच मुकाबला होगा।
वार्ड 39 में रालोपा की अनीता विकास माचरा, माकपा की इमरती मघाराम, कांग्रेस की दुर्गा मोहनलाल और भाजपा की लिछमा देवी चुनाव मैदान में हैं। वहीं वार्ड 41 में रालोपा की चांदा पुसाराम, माकपा की परमेश्वरी मुखराम, कांग्रेस की मीरादेवी ज्ञानाराम और भाजपा की सुनीता श्रवणराम के बीच मुकाबला होगा।

वार्ड 37 में छह प्रत्याशी, वार्ड 40 में निर्दलीय भी मैदान में
वार्ड 37 की सामान्य सीट पर बसपा के ओमप्रकाश दुलाराम, माकपा के मामराज खेताराम, रालोपा के लक्ष्मणराम सुरजाराम जाखड़, कांग्रेस की संजना प्रेमकुमार भादू, भाजपा के सुरेश कंवर भागीरथसिंह और निर्दलीय ओमपालसिंह प्रतापसिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
वार्ड 40 में भाजपा की कंचन मुरलीधर, कांग्रेस की चंद्रकला प्रभुराम बाना, रालोपा के भंवरलाल मोहनलाल और निर्दलीय जसुनाथ श्रवणनाथ मैदान में हैं। वार्ड 38 में भाजपा के ओमप्रकाश रेवंतराम मेघवाल, रालोपा के गुमानाराम लखुराम, माकपा के मघाराम रेखाराम मेघवाल और कांग्रेस के मुन्नीराम चोखाराम के बीच मुकाबला होगा।

चौपालों पर चर्चा, दावेदारों के घरों पर जुटने लगे ग्रामीण
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला परिषद चुनाव की तस्वीर साफ होने के साथ ही पंचायत समिति सदस्य और सरपंच पद के चुनावों को लेकर भी गांवों में चर्चाओं का दौर चल पड़ा है। चौपालों पर पुराने कार्यों का लेखा-जोखा लिया जा रहा है तो संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी पर भी विचार-विमर्श हो रहा है। दावेदारों के घरों पर ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में जनसंपर्क, बैठकों और चुनावी रणनीतियों के बीच गांवों का राजनीतिक माहौल और सक्रिय होने की संभावना है। रोचकता रहेगी कि अब चुनाव प्रचार के दौरान कौन प्रत्याशी ग्रामीणों के बीच अपनी बात कितनी प्रभावी ढंग से रख पाएगा और मतदाता किन मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं।