




मिंगसरिया में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा गांव
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत मिंगसरिया में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा राउमावि से निकलकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में सरपंच प्रतिनिधि पूर्णाराम राणा, राउमावि नोसरिया के प्रधानाचार्य राजकुमार बेनीवाल, भाजपा कार्यकर्ता अशोक सिंह राठौड़ एवं राधेश्याम स्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। राजकुमार बेनीवाल ने तिरंगे का महत्व बताते हुए सम्मान के साथ घरों की छतों पर फहराने की प्रेरणा दी। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों के साथ गांव के जागरूक युवा व ग्रामीण भी उत्साह के साथ शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर ग्रामीणों ने पूरे गांव में देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान “भारत माता की जय”और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गांव का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।

न्यायालय परिसर में तिरंगा थीम पर सजी रंगोली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को न्यायालय परिसर में रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका की महिला कार्मिकों ने तिरंगा थीम पर आकर्षक रंगोली बनाकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजितसिंह राठौड़ सहित न्यायालय स्टाफ मौजूद रहा। वहीं नगर पालिका की ओर से कनिष्ठ सहायक जितेन्द्र भोजक, कुलदीप मलघट, एएसआई कमल चांवरिया, अजय शर्मा, सरिता बोहरा, सूरजमल, सोनू नाई और मोहित सहित पालिका टीम ने सहभागिता की। इस दौरान उपस्थितजनों ने तिरंगे को सलामी देते हुए नागरिकों से अपने-अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।

पुलिस थाने में पालिका कर्मियों ने सजाई रंगोली।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस थाना परिसर में पालिका कर्मियों ने रंगोली सजाई व देशभक्ति का संदेश दिया। थाना परिसर में प्रवेश द्वार से लेकर सीढ़ियो पर भी रंगोली सजाई गई।











