October 2, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 2 अक्टूबर 2026। क्षेत्र में भूमि विवादों के चलते परिवारों में आपसी फुट थाना कचहरी पहुंच कर दर्ज मामलों में उलझ कर आमने सामने नजर आने लगे है। एक वरिष्ठ महिला ने जरिए इस्तगासा अपने जेठूतों के खिलाफ पुश्तैनी हिस्सा पांति का भूखंड हड़पने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
गांव सुरजनसर निवासी भीखी देवी ने अपने जेठूते भगवानराम, राजूराम, कानाराम, चूनाराम व भादरराम पुत्र मालूराम मेघवाल के खिलाफ जमीन हड़पने की नीयत से पुराना आसरा तोड़ने, घरेलू सामान ले जाने, गाली-गलौच व मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि बताया कि उसके दिवंगत पति बेगाराम मेघवाल के साथ विवाह के समय जिस मकान में आई थी उसमें दो कमरे व एक रसोई उसकी थी। वह अपनी इकलौती संतान एक पुत्री के साथ इस घर में कई साल रही। इसके जर्जर होने पर उसने दूसरा प्लॉट खरीदकर मकान बना लिया और पुराने मकान में पशुओं का चारा और घरेलू सामान रखा हुआ था। करीब 7-8 माह पहले उसके जेठूतों ने पुराने आसरे को तोड़ दिए और वहां रखा सामान भी ले गए। विरोध करने पर उन्होंने नुकसान की भरपाई के लिए नया आसरा बनाकर देने की बात कही। मामला पारिवारिक होने के कारण परिवादिया ने रूपयों की मांग नहीं की। अब करीब 20-25 दिन पहले जब पीड़िता अपने पुराने घर पहुंची तो आरोपी उसके प्लॉट पर मकान का निर्माण करवा रहे थे। उसके पूछने पर आरोपियों ने गालियां निकाली और प्लॉट को अपना बताते हुए दुबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई देवाराम को सौंप दी है।