August 15, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2026। जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) के लिए ग्राम निर्देशिका के आंकड़ों के संकलन एवं संयोजन संबंधी कार्यों को लेकर आज पंचायत समिति सभागार, श्रीडूंगरगढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के पटवारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम स्तर पर आंकड़ों के संकलन, उनके व्यवस्थित संयोजन तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के संबंध में जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय जयपुर से आए प्रशिक्षक नीरज कुमार ने उपस्थित कार्मिकों को प्रशिक्षण देते हुए जनगणना संबंधी कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में चार्ज जनगणना अधिकारी श्रीवर्द्धन शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना 2027 के लिए आवश्यक आंकड़ों के संकलन एवं अभिलेखीकरण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना तथा संबंधित कार्मिकों को उनके दायित्वों के प्रति स्पष्ट जानकारी प्रदान करना है। इस दौरान सभी उपस्थित कार्मिकों ने कार्य प्रक्रिया को समझा। प्रशिक्षण में प्रभारी भू.अ.नि. पर्वत सिंह, श्रीडूंगरगढ़ चार्ज नियमित सहायक भव्य कटारिया,  तकनीकि सहायक परमेश्वर गोदारा एवं क्षेत्र  के पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।