






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2026। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्साही युवा देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं मानव सेवा के संकल्प के उद्देश्य से गांव मोमासर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 26 जुलाई, रविवार को आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर का विमोचन शुक्रवार को गांव में किया गया। आयोजक मंडल के सदस्यों ने बताया कि शिविर रविवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्र के युवा शामिल होंगे। प्रचार के लिए युवाओं की टोलियां बना दी गई है व युवाओं से रक्तदान की अपील के साथ संपर्क शुरू कर दिया गया है। शिविर में समस्त ग्रामवासी आयोजक है तथा उत्साही स्वयंसेवक तैयारियों में जुट गए है। आयोजन समिति ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच एवं रक्त संग्रह की प्रक्रिया विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम की देखरेख में की जाएगी। आयोजन समिति ने बताया कि कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर राष्ट्रभक्ति और जनसेवा का संदेश देगा।



