




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अगस्त 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में चोरों के हौंसले बुलंद है व आये दिन क्षेत्र में सेंधमारी की घटनाएं हो रही है। यहां विधायक ताराचंद सारस्वत के पैतृक गांव गुंसाईसर बड़ा में हुई 80 लाख से अधिक की चोरी के कोई सुराग नही मिला है वहीं बुधवार रात गुंसाईसर बड़ा के निकटवर्ती गांव डेलवां में चोरों की गैंग पहुंच गई। डेलवां के भाजपा नेता देवकरण पारीक ने बताया कि अज्ञात 3 जने अपनी पिकअप लेकर देर रात गांव में घुसे व गांव के बाहरी छोर पर सती दादी मंदिर के पास अपनी पिकअप गाड़ी खड़ी कर गांव में चोरी की नीयत से घुस गए। चोरों ने गांव के 2 नम्बर सरकारी टयूबवेल की स्टार्टर रूम से ट्यूबवेल तक कि करीब 150 फीट केबल काटने का प्रयास किया। इस दौरान जहां गाड़ी खड़ी कर चोर गांव में गए थे उसके पास के घर मे ग्रामीण को जाग हुई तो संदिग्ध पिकअप को देख के सतर्क हुए। ग्रामीण ने गांव में देखा तो 3 युवक केबल चोरी करते दिखे। इस पर ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए युवकों को पकड़ने की कोशीश की। इस दौरान 1 युवक मौके से फरार हो गए व 2 जनो को ग्रामीणों ने धर लिया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी तो बुधवार रात्रि ड्यूटी ऑफिसर गणेशाराम मय दल मौके पर पहुंचे व दोनों युवकों को व एक पिकअप को डिटेन करते हुए थाने ले आये। हेडकांस्टेबल गणेशाराम ने बताया कि दो संदिग्ध युवकों को थाने लाया गया है व पूछताछ के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी।





