Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 8, 2026
002
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2026। जिला कलेक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय कृषि, उद्यानिकी एवं उर्वरक वितरण रेग्यूलेटरी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रबी सीजन के मद्देनजर कृषि गुण नियंत्रण अभियान, उद्यानिकी योजनाओं, फल बगीचा स्थापना तथा सूक्ष्म सिंचाई संयंत्रों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने रबी सीजन के मद्देनजर कृषि गुण नियंत्रण अभियान के तहत कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा शत-प्रतिशत नमूना आहरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध हो सकें। उन्होंने किसानों को कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसी फसलों को बढ़ावा देने से वर्षा पर किसानों की निर्भरता कम होगी तथा उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। कम वर्षा की स्थिति में भी किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने उद्यानिकी विभाग की विभिन्न नवाचारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। पॉलीहाउस, शेडनेट हाउस, सपोर्ट सिस्टम पर सब्जियों की खेती, ईसबगोल की खेती, प्लास्टिक मल्चिंग तथा प्लास्टिक टनल जैसी योजनाओं में देय अनुदान से अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने को कहा। जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत जिले में अधिक फल बगीचे स्थापित करवाते हुए अनार, नींबू वर्गीय फलों तथा खजूर की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने के निर्देश दिए। राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि में प्राप्त बजट का समुचित उपयोग करते हुए किसानों को ड्रिप, मिनी फव्वारा एवं फव्वारा जैसे सूक्ष्म सिंचाई संयंत्रों की स्थापना का लाभ दिलाने को कहा। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए सॉइल हेल्थ कार्ड के महत्त्व एवं उपयोगिता की जानकारी कृषकों को विस्तार से देने के निर्देश दिए, ताकि किसान मृदा की स्थिति के अनुरूप फसल एवं उर्वरक का उचित चयन कर सकें। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि तीन कृषकों के समूह द्वारा सामुदायिक जल स्रोत निर्माण पर उद्यान विभाग की ओर से 18 लाख रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने आवंटित 306 लाख रुपए की कार्ययोजना की शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बिरमाराम, प्रभारी केवीके मदनलाल, डीडीएम अमित चाहर, कृषि अधिकारी रमेश भाम्भू, मीनाक्षी पंवार, महेंद्र प्रताप, कविता गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।