September 26, 2026
WhatsApp Image 2026-09-26 at 21.40.48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितम्बर 2026। वर्तमान समय की आवश्यकता है कि राजनीति शुचितापूर्ण हो और संवैधानिक पद की गरीमा क्षेत्रवासियों की सेवा से ही बढ़ती है। यह चर्चा शनिवार को क्षेत्र के गांव बेनीसर स्थित आर्यस्थली विद्यापीठ में हुई और अवसर था भादवा पूर्णिमा पर विशेष हवन पूजन का। इस मौके पर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष नारायण कलानी, उपाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई, पार्षद बबीता देवी स्वामी, रामकुमार स्वामी, जितेन्द्र स्वामी एवं शेरदास स्वामी का अभिनंदन भी किया गया। सभी को फूलमाला व साफा पहना कर अभिनंदन पत्र दिए गए। इस अवसर पर आयोजित हवन में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों द्वारा आहुतियां दी गई और यज्ञ-भगवान को साक्षी मानकर मानव मात्र के कल्याण की प्रेरणा ली गई। आयोजन के दौरान पार्षद प्रतिनिधि ओमप्रकाश फूलभाटी, बालकिशन पांडिया, सुभाष नाई, अजय सारस्वत का भी सम्मान किया गया। विद्यास्थली परिवार की और से शिवकुमार स्वामी ने सभी का स्वागत किया एवं आर्यस्थली के प्राचार्य अमित आर्य ने सभी का आभार जताया। सभी अतिथियों ने आर्यस्थली विद्यापीठ का अवलोकन किया और वर्तमान समय में शिक्षा के साथ साथ माता-पिता, देश, धर्म, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के संस्कारों को बाल-मन में रोपित करने को महत्वपूर्ण बताया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए और स्टाफ भी सक्रिय रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिकाध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान किया।