Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026
11
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अगस्त 2026। राजकीय उपजिला अस्पताल श्रीडूंगरगढ़ में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि शुक्रवार को सामने आई है। अस्पताल में पहली बार स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई है। गंभीर रूप से घायल मरीज के हाथ की क्षतिग्रस्त त्वचा को शरीर के दूसरे हिस्से से स्वस्थ त्वचा लेकर सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया। लिखमीसर उत्तरादा निवासी गणेशराम पुत्र रामेश्वरलाल नायक कृषि कार्य करते समय दुर्घटनावश हाथ मशीन में आ जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में हाथ की त्वचा का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में चिकित्सकों ने मरीज के शरीर की जांघ से स्वस्थ त्वचा का ग्राफ्ट लेकर घायल हाथ पर स्किन ग्राफ्टिंग करने का निर्णय लिया। चिकित्सकीय टीम ने सावधानी पूर्वक विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया। यह श्रीडूंगरगढ़ में स्किन ग्राफ्टिंग का पहला सफल ऑपरेशन रहा, जिसे स्थानीय चिकित्सा सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे गंभीर चोटों के उपचार के लिए क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने की दिशा में नई उम्मीद जगी है। ऑपरेशन टीम में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश गोदारा की प्रमुख भूमिका रही। वहीं एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. सुनील सहारण ने एनेस्थीसिया संबंधी जिम्मेदारी संभाली। नर्सिंग टीम में नर्सिंग ऑफिसर गणेश, रेखा सिस्टर, रवीना सिस्टर सहित पूरी टीम का सहयोग रहा। उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ ओमप्रकाश स्वामी ने बताया कि चिकित्सकों एवं नर्सिंग टीम के समर्पण, मेहनत और आपसी तालमेल ने ये चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन सफल किया है। उपजिला अस्पताल श्रीडूंगरगढ़ में इस तरह की जटिल सर्जरी का सफलतापूर्वक होना क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के लगातार विस्तार और स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।