August 21, 2026
11

उद्यमिता दिवस पर छात्राओं को मिला आत्मनिर्भर बनने का संदेश, नए विचारों को अपनाने की प्रेरणा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 21 अगस्त 2026। नेशनल हाइवे स्थित कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को उद्यमिता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्राओं को उद्यमिता के महत्व, स्वरोजगार की संभावनाओं और नए विचारों को व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सोमनाथ जोशी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करने का नाम नहीं है, बल्कि नए विचारों को अपनाकर उन्हें आत्मसात करने और अवसरों को पहचानने की सोच भी उद्यमिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ अपने विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। ओमप्रकाश राजपुरोहित (राज सर) ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ कौशल विकास और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए नए अवसरों की कमी नहीं है, जरूरत है सही दिशा, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनन्द नारायण पुरोहित ने किया। इस अवसर पर कमल सिंह चारण सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उद्यमिता से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं और भविष्य में स्वरोजगार व नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा ली।

राजकीय महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने ली मतदान की शपथ
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 21 अगस्त 2026। आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के ईएलसी क्लब के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी नरपत सिंह चारण एवं कार्यवाहक प्राचार्य अमित तंवर ने उपस्थित विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने अपने पोस्टरों के माध्यम से मतदान के महत्व और अधिक से अधिक लोगों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आगामी चुनावों में जागरूक मतदाता की भूमिका निभाने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया गया।