






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जुलाई 2026। वन विभाग की टीम ने सुनारों की जोड़ी वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई एवं वन उपज के परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चंद्र वर्मा के नेतृत्व एवं सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह के निर्देशन में राजस्थान वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। सत्यपाल सिंह ने बताया कि गुरूवार शाम वन विभाग की टीम ने वन क्षेत्र के भीतर कुत्तर (लकड़ी चिप्स) बनाने की मशीन लगाकर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर मौके पर ही उनकी कुत्तर तैयार कर परिवहन किए जाने का मामला पकड़ा। इस संबंध में आरोपी बीरबलराम पुत्र हड़मानाराम निवासी कल्याणसर पुराना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। साथ ही अवैध वन उपज के परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर टीम ने 27,000 हजार रूपए का जुर्माना लगाया। जुर्माना राशि जमा करवाने पर वाहन सुपुर्द कर दिया गया।
सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी पक्ष द्वारा स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रित कर वन विभाग की टीम की वैधानिक कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, जिससे जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से ले जाने में कठिनाई हुई। स्थिति को नियंत्रित करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वन विभाग ने पुलिस का सहयोग लिया, जिसके बाद कार्रवाई शांतिपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस कार्रवाई में हरिकिशन वनपाल, सहायक वनपाल रामकुमार, वनरक्षक लोकेश मीणा, वनरक्षक सुभाष सहित वन विभाग के अन्य कार्मिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।






