








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जून 2026। योग के क्षेत्र में विश्व स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली विश्व विजेता योग खिलाड़ी आर्यांशी स्वामी के सम्मान में रविवार शाम नागरिक विकास परिषद, श्रीडूंगरगढ़ की ओर से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
परिषद अध्यक्ष तुलसीराम चौरड़िया ने बताया कि समारोह आज शाम 6 बजे नागरिक विकास परिषद भवन, आडसर बास, श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित होगा। कार्यक्रम में आर्यांशी का साफा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। परिषद ने नगरवासियों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होकर विश्व विजेता खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। कार्यक्रम के संयोजक सुरेश कुमार भादानी ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभा का सम्मान कर युवाओं को खेलों एवं योग के प्रति प्रेरित करना है। कोषाध्यक्ष बालकिशन पांडिया एवं मंत्री विजयराज सेवग सहित परिषद के पदाधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं।



