


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 सितंबर 2026। चुनावी सरगर्मियों के बीच गुरूवार को कृष्ण भक्तों में कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास छाया है। घर घर कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां की जा रही है। कान्हा के श्रृंगार से लेकर माखन मिश्री व पंजीरी के भोग के लिए पूर्व तैयारी में कृष्ण प्रेमी जुटे है। शुक्रवार को जन्माष्टमी के सामूहिक उत्सवों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ विभिन्न मंदिरो में किया जाएगा।
जयपुर रोड स्थित बॉम्बे कॉलोनी में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कॉलोनीवासियों में खासा उत्साह है और जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है। कॉलोनी में शाम 7 बजे उत्सव प्रारंभ होगा जिसमें बीकानेर के कलाकार शंकरलाल व्यास एंड पार्टी द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। वहीं आदेश म्यूजिकल ग्रुप, बीकानेर की विशेष प्रस्तुति भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी। यहां श्रद्धा और संगीत के साथ कृष्ण भक्ति का रस बरसेगा और तबला वादन पंडित ठाकुर जोशी द्वारा किया जाएगा। महोत्सव में मटकी फोड़ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। वहीं श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोग प्रसाद की व्यवस्था की गई है। कॉलोनीवासियों ने नगरवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागी बनने और भक्ति-संगीत से सजी इस शाम का आनंद लेने का आग्रह किया है।
आड़सर बास स्थित ठाकुरजी (मूंधड़ा) मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। आड़सर बास महिला सत्संग मंडली द्वारा आयोजित ये कार्यक्रम शाम 7 बजे प्रारंभ होगा। जिसमें लड्डू गोपाल सजा कर लाने का आग्रह भक्तों से किया गया है। कार्यक्रम में पांच वर्ष तक के बच्चों को राधा कृष्ण के रूप में सजाने, 6 से 12 साल के बच्चों के लिए धार्मिक प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी होगा। सभी संभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। यहां 8.30 बजे कृष्ण जन्म की कथा व 9.30 से भजन कीर्तन होंगे। रात 12 बजे महाआरती का आयोजन होगा। मंडल की सदस्य महिलाओं ने सभी कृष्ण भक्तों से उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है।
कालूबास के रघुनाथजी (झंवरो का) मंदिर में भी भजन कीर्तन, कथा व महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कृष्ण भक्त कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे है। वहीं बता देवें हनुमान धोरा मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में कृष्ण जन्माष्टमी पर उत्सव के आयोजन होंगे। हर घर में लड्डू गोपाल का श्रृंगार, आरती व भोग के आयोजन होंगे।












