July 7, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जुलाई 2026। फर्जी ढंग से एक प्रवासी मृतक महिला का खेत हड़पने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रहें श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस के एसआई मोहनलाल ने नरेंद्र डेलू पुत्र अमराराम बिश्नोई निवासी जंभेश्वर नगर बीकानेर को बीकानेर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में एक आरोपी अनवर पहले ही गिरफ्तार हो चुका है व दूसरा आरोपी नरेंद्र एमडी नशे के साथ गंगाशहर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था जिससे उसे प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाया गया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर दिया व कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मोहनलाल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
ये था मामला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास निवासी व दिल्ली प्रवासी संजू देवी पत्नी निर्मल कुमार ओसवाल ने 13 फरवरी 2026 में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। परिवादिया ने अपनी माता लक्ष्मी देवी की 21 जुलाई 1995 में नेपाल में मृत्यु होने व जेतासर की रोही में स्थित अपने पुश्तैनी खेत की जमाबंदी 2 अक्टूबर 2025 को निकलवाने पर फर्जीवाड़े के सामने आने की शिकायत दी। जिसमें परिवादिया ने इस मामले में बीकानेर के अनवर अली, गंगाशहर निवासी अनुराग सारड़ा, जंभेश्वरनगर निवासी नरेन्द्र डेलू बिश्नोई व श्रीडूंगरगढ़ निवासी मुकेश स्वामी, पवनपुरी के अंकित धामा, चूरू निवासी मनोजकुमार प्रजापत, एक महिला जिसने स्वयं को लक्ष्मीदेवी बताते हुए फर्जी मुख्तारनामा में हस्ताक्षर किए के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था।