


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 21 सितंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। नवनिर्वाचित पार्षद आज अपने बीच से पालिकाध्यक्ष का चयन करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं और मतदान के बाद होने वाली मतगणना के साथ ही पालिका की नई तस्वीर सामने आ जाएगी। निर्वाचन अधिकारी झंवरलाल मित्तल के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होगी। मतदान का समय प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान दल सुबह 8:30 बजे मतदान स्थल पर पहुंच जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
पहले शपथ, फिर मतदान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अध्यक्ष चुनाव में मतदान करने से पहले सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण करनी होगी। अभी कई पार्षदों की शपथ प्रक्रिया शेष है। सभी संबंधित पार्षद नगरपालिका भवन पहुंचकर शपथ एवं प्रमाणपत्र की प्रक्रिया पूरी करेंगे और इसके बाद ही मतदान में हिस्सा ले सकेंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस के सभी पार्षद शपथ ले चुके हैं। भाजपा के अध्यक्ष पद प्रत्याशी नारायण कलानी एवं उनके प्रस्तावक पवन उपाध्याय सहित दो पार्षदों ने शपथ ली है, जबकि भाजपा के 11 पार्षदों की शपथ प्रक्रिया शेष है। विकास मंच के अध्यक्ष पद प्रस्तावक कैलाश प्रजापत शपथ ले चुके हैं और मंच के आठ अन्य पार्षदों को शपथ लेनी है। निर्दलीय पार्षद बबिता स्वामी शपथ ले चुकी हैं, जबकि एक अन्य निर्दलीय पार्षद की शपथ बाकी है।
मोबाइल पर रोक, बैरिकेड्स के भीतर रहेगा मतदान स्थल
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अध्यक्ष चुनाव को लेकर नगरपालिका भवन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। मतदान स्थल पर पार्षदों को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नगरपालिका भवन के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है तथा आमजन को निर्धारित सीमा के बाहर ही रखा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, सीओ निकेत पारीक एवं सीआई कश्यपसिंह राघव के निर्देशन में रहेगी। मतदान स्थल पर भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा।
22 सितंबर को होगा उपाध्यक्ष का चुनाव
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अध्यक्ष के चुनाव के बाद नगरपालिका उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को होगा। उपाध्यक्ष पद की पूरी चुनाव प्रक्रिया एक ही दिन में नामांकन, मतदान, मतगणना एवं परिणाम घोषणा के साथ संपन्न होगी।
अध्यक्ष कक्ष भी तैयार, पालिका में चुनावी हलचल
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इधर नए अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। नगरपालिका भवन में अध्यक्ष कक्ष का रिपेयर एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का काम चल रहा है। ईओ अभिषेक गहलोत ने बताया कि अध्यक्ष चुनाव को लेकर पालिका में उत्साह का माहौल है और नए अध्यक्ष के स्वागत के लिए कक्ष को व्यवस्थित किया जा रहा है। क्षेत्र में आमजन की निगाहें सुबह 10 बजे शुरू होने वाली मतदान प्रक्रिया और उसके बाद आने वाले परिणाम पर टिकी हैं।











