


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 सितंबर 2026। दयानन्द विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ के प्रांगण में रविवार को 70वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय बालक-बालिका मलखंभ प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता में बीकानेर जिले की विभिन्न तहसीलों से चयनित टीमें पहुंचीं। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने मलखंभ का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। समारोह में नरेला गुरुकुल के सोमवीर शास्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए व डॉ. अवधेश स्वामी ने समारोह की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्राह्मण अंतरराष्ट्रीय संगठन के जिला अध्यक्ष वरुण शर्मा उपस्थित रहें। विद्यालय के संस्थापक सुभाष शास्त्री ने सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया। इस अवसर पर जेठमल चुरा, बलवान, प्रदीप, भंवर, अजय, रामस्वरूप, राकेश सहित अनेक नागरिक, अभिभावक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों ने मलखंभ की विभिन्न कलाओं एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की कठिन एवं रोमांचक प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद बेनीवाल ने समारोह में शामिल अतिथियों, मौजिज नागरिकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार जताया। बेनीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता चार दिन चलेगी और 23 सितंबर को भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न होगा। प्रतियोगिता में जिले भर से मल्लखंभ की टीमें शामिल हुई है।







