September 29, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अगस्त 2020। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की मुखबिरी की प्रशंसा कस्बे में सोमवार सुबह चारों और हो रही है। पुलिस को कालुबास में एक बाड़े में लावारिस मोटरसाईकिल खड़ी करने की जानकारी मिली। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने के कांस्टेबल मुकेश कुमार सिरवा ने टाइम्स को बताया कि तेरापंथ भवन धोलिया नोहरे के पास देवकन्या मेडिकल के सामने सूने पड़े बाड़े में लावारिस मोटरसाईकिल खड़ी होने का सूचना सुबह 8 बजे मिली। इस पर पुलिस ने आस पास के लोगों को नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं दूसरी और सुबह करीब 10 बजे कालूबास निवासी योगेश कुमार आसोपा ने अपनी मोटरसाईकिल गुम होने की शिकायत पुलिस थाने पहुंच कर पुलिस को दी तो पुलिस ने उसे जानकारी देते हुए मोटरसाईकिल सुपुर्द कर दी। दधीमथी माता मंदिर के पुजारी योगेश आसोपा ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के माध्यम से पुलिस का आभार जताया है। मामले में संभवतया अज्ञात चोर ने मोटरसाईकिल चुराने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सका और बाद में आ कर ले जाने के लक्ष्य से सूने बाड़े में बाईक को छिपा दिया। चोर बाईक को लेकर जाने में कामयाब होता उससे पहले ही पुलिस को सूचना मिल गई और पुलिस ने बाईक को उसके मालिक तक पहुंचा दिया है।