July 11, 2026
WhatsApp Image 2026-07-11 at 20.23.35

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 जुलाई 2026। परिजनों की पुण्य स्मृति को जनसेवा से जोड़ते हुए मोमासर बास निवासी एवं कोलकाता प्रवासी मालू परिवार ने प्रेरणीय कार्य किया। दिवंगत थानमाल मालू एवं रेशमीदेवी मालू की स्मृति में उनके पुत्र लूणकरण मालू तथा पौत्र आदित्य मालू ने दो वाटर कूलर भेंट किए, जिन्हें ज्ञान भारती स्कूल, मोमासर बास तथा स्टेशन रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित किया गया है। ज्ञान भारती स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की बालिकाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ वाटर कूलर का शुभारंभ किया। शाला प्रभारी ने मालू परिवार के इस जनहितकारी सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यालय के विद्यार्थियों को वर्षभर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वहीं श्री हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित दूसरे वाटर कूलर का शुभारंभ पुजारी भूरदास स्वामी एवं सत्यनारायण स्वामी की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं तथा राहगीरों को अब गर्मी के मौसम में भी शीतल पेयजल सहज उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने दानदाता परिवार का आभार जताते हुए इसे अनुकरणीय कार्य बताया। मालू परिवार को इस जनसेवा कार्य की प्रेरणा ‘आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति’ फेसबुक समूह से मिली। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित, मनोज कुमार डागा, भीकमचंद सुथार, रामप्रताप सारस्वत, शूरवीर मोदी, जयप्रकाश सारस्वत, मोनू प्रजापत, श्याम सैन, जय धरु, प्रकाश प्रजापत, प्रवीण पालीवाल एवं मदन सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने मालू परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्वजों की स्मृति को जनकल्याण से जोड़ना, समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करेगा और दूसरों को भी जनहित के कार्यों के लिए इससे प्रेरणा मिल सकेगी।