







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अक्टूबर 2026। क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही है और आमजन चोरों को पकड़ कर सामान बरामद करवाने की उम्मीद में थानों के चक्कर लगा रहें है। शहर के वसुंधरा नगर में एक बंद मकान चोरों का निशाना बना और चोर घर से केवल कीमती सामान ही नहीं सिलेण्डर, घरेलू सामान भी चोरी कर ले गए।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में वसुंधरा नगर में रहने वाले विजयराज सारण निवासी दुसारणा बड़ा ने पुलिस को बताया कि वह 6 अक्टूबर 2026 की शाम अपने मकान में ताला लगाकर अपने गांव दुसारणा बड़ा के खेत चला गया था। रविवार को उसके पडौसी ने उसे सूचना देते हुए बताया कि मकान की पीछे की खिड़की खुली पड़ी है। परिवादी लौट कर आया और अपना घर संभाला तो उसके मकान के आगे मुख्य दरवाजे का ताला भी टूटा हुआ पाया। जब वह मकान के अदंर गया तो अंदर रखी छोटी अटेची में रखे 70 हजार रूपए नगदी व सोने चांदी के गहनों में सोने की एक कंठी, सोने के पांच फुलड़े, सोने का लूंग झूमरा सेट, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, चांदी की एक तागड़ी, मेरे छोटे बच्चे के सोने के तीन फुलड़े, सोने के गुघरे, आदि सारा सामान चोरी हो गए। एक गैस सिलेण्डर सहित अन्य छोटा मोटा घरेलू सामान व बर्तन आदि भी चोर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सरिता को सौंप दी गई है।





