June 8, 2026
evee

तीन गांव में तीन दिन से आपूर्ति ठप्प, ग्रामीणों ने दी रोड जाम की चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धर्मास के मुख्य बस स्टैंड पर नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जताई और दो दिन बाद रोड जाम की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने बताया कि ऊपनी कार्यालय के तहत धर्मास, नोसरिया व मिंगसरिया की बिजली एक ही लाइन से दी गई है और तीनों गांवो में तीन से आपूर्ति ठप्प है। ग्रामीणों ने बताया कि धर्मास में कोई विद्युत पोल नहीं टूटा हुआ है, ना ही लाइन में कहीं फाल्ट है। उसके बावजूद गांव की आपूर्ति शुरू नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए बीमार, बुजुर्ग व बच्चों के परेशान होने, गांव में पानी की समस्या होने, आटा पीसने की समस्या होने, फोन चार्ज करने सहित अनेक समस्याओं से जूझने की बात कही। मौके पर जिनकदास स्वामी, भागीरथ सिंह, मांगीलाल ज्याणी, भवानी सिंह, राजूसिंह, पर्वत सिंह, रामनिवास जाखड़, राम निवास नाई, राधाकिशन स्वामी सहित अनेक ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों ने दो दिन बाद में नोसरिया जीएसएस का घेराव करने व स्टेट हाईवे को बंद करने की चेतावनी दी।

पूनरासर में 17 जून को संतश्री पालोजी महाराज की मूर्ति स्थापना समारोह होगा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जसनाथी सम्प्रदाय के संत शिरोमणि पालाजी महाराज की तपोस्थली पूनरासर धाम में आगामी 17 जून को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा। मंदिर के पुजारी भागूनाथ सिद्ध ज्याणी ने बताया कि मंदिर में सात दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे। इसी क्रम में बुधवार को प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर से मंगल कलश यात्रा निकलेगी। मंदिर में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा आगामी 10 जून से 16 जून तक प्रतिदिन दोपहर 11:15 बजे से 4:15 बजे तक चलेगी। कथा का वाचन पंडित राकेश भाई पारीक करेंगे। 16 जून को शोभायात्रा के साथ संतश्री पालाजी महाराज की नवस्थापित मूर्ति की नगर परिक्रमा होगी। अगले दिन 17 जून को सुबह नौ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संतश्री की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।