


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 सितंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका चुनाव की कवरेज में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के पाठकों ने पूरी कवरेज के साथ रोचक फैक्ट के माध्यम से चुनाव की अनसुनी बातों के बारे में विस्तार से जाना व समझा। वहीं सोमवार सुबह अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई है वहीं बाड़ेबंदी में बंद नवनिर्वाचित पार्षदों के लिए पार्टियों द्वारा सुबह पालिका भवन समय पर पहुंचने की तैयारियां की जा रही है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए मैदान में डटे तीनों प्रत्याशियों के बारे में जानने की उत्कंठा आमजन को भी है।
कांग्रेस के अध्यक्ष पद प्रत्याशी 59 वर्षीय राधेश्याम सारस्वत सबसे वरिष्ठ है। ये वार्ड 15 से हारे हुए प्रत्याशी है परंतु इनकी पत्नी वार्ड 14 से विजयी पार्षद है। सारस्वत 10वीं तक शिक्षित हैं और इन्हे 5 संतानें है। इन्होंने अपना पेशा व्यवसायी होना बताया है और अपनी संपत्ति 3 करोड़ 18 लाख 80, 460 रूपए होने की जानकारी दी है।
भाजपा के अध्यक्ष पद प्रत्याशी 53 वर्षीय नारायण कलानी वार्ड 28 से विजयी पार्षद है। कलानी अपने वार्ड में कुल 6 में 5 को हरा कर पालिका पहुंचे है। इनकी शिक्षा 10वीं तक हुई हैं और इनकी 2 संताने है। कलानी ने अपना पेशा श्रमिक होना बताया हैं और कुल संपत्ति 29,40,000 रूपए होने की जानकारी दी है।
विकास मंच के अध्यक्ष पद प्रत्याशी 45 वर्षीय जतनसिंह राजपुरहित वार्ड 17 से पार्षद प्रत्याशी रहें परंतु ये चुनाव हार गए। मंच ने इन्हें अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। तीनों प्रत्याशियों में राजपुरोहित सबसे अधिक 12वीं तक पढ़े लिखे है और इन्हें 2 सन्तानें हैं। इन्होंने अपना पेशा व्यवसायी होना बताया है और अपनी कुल संपत्ति 1 करोड़ 40 लाख 68,000 रूपए होने की जानकारी दी है।







