श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2026। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ अंचल में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर से गांव तक और घरों से बाजारों तक त्योहार की रौनक देखने को मिली। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने विधि-विधान से पूजा की थाली सजाई। घरों व मंदिरों में अपने ईष्ट देवी देवताओं को भी राखी बांधी गई और उसके बाद बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर राखी बांधी। बहनों ने भाइयों के सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी विशेष चहल-पहल रही। रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कई स्थानों पर आकर्षक राखियों और उपहारों की विशेष बिक्री के लिए दुकानें सजाई गई। बच्चों में भी रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। दूर-दराज रहने वाले भाई-बहन भी पर्व पर एक-दूसरे से मिलने पहुंचे और राखियां बंधवाई व बांधी। लंबे समय बाद हुए पारिवारिक मिलन ने रक्षाबंधन की खुशियों में चार चांद लगा दिए। कई घरों में बहनों के पहुंचने के साथ ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच राखी बांधने का कार्यक्रम संपन्न हुआ। शहर में दिनभर जगह-जगह परिवारों की खूब आवाजाही रही। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही, वहीं उपहार और राखियों की खरीदारी का सिलसिला देर तक चलता रहा। हर जाति व वर्ग में हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन की खुशियां मनाई गई।




















