






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जून 2026। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स में खोया पाया लगाने के बाद सोने का कीमती मंगलसूत्र कुछ ही पलों में सही मालिक तक पहुंच गया और मालिक सहीराम ने भावुक होकर टाइम्स का आभार जताया।
गांव ऊपनी में दुसारणा सड़क मार्ग पर 9 जून की सुबह गांव के शीशराम गोदारा को करीब एक तोले का सोने का मंगलसूत्र मिला। गोदारा ने दो दिन तक गांव भर मंगलसूत्र के बारे में पता किया परंतु किसी ने मंगलसूत्र अपना होने की बात नहीं कही। शुक्रवार को पशु चिकित्सक डॉ सुरेंद्र सोनी ने टाइम्स को जानकारी देते हुए मंगलसूत्र के मालिक की तलाश करने की बात कही। टाइम्स द्वारा खोया पाया में करीब साढ़े तीन बजे गोदारा के नबंर सहित जानकारी का प्रकाशन किया गया। इसे गांव समंदसर निवासी सहीराम पुत्र तोलाराम मेघवाल ने देखा और तुरंत प्रकाशित नबंरो पर संपर्क किया। सहीराम ने बताया कि उनकी बहन का मंगलसूत्र जाखासर से समंदसर जाने के दौरान कहीं गिर गया था। सहीराम ने मंगलसूत्र की फोटो दिखाकर इसके साक्ष्य देकर मंगलसूत्र प्राप्त कर लिया। सहीराम ने टाइम्स का आभार जताते हुए कहा कि उनका परिवार ये कीमती सोना वापस पाने की उम्मीद खो ही चुका था। परंतु टाइम्स का बार बार आभार है, जिससे जानकारी मिली और हमने इसे वापस पाया है। डॉ सुरेंद्र सोनी ने टाइम्स पर विश्वास जताते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हर एक मोबाइल में टाइम्स को पढ़ा जा रहा है और जन जन तक प्रसारित टाइम्स में आने के बाद मंगलसूत्र सही मालिक तक पहुंच जाएगा ये हमें पूरा विश्वास था। यहां मौजूद ग्रामीणों ने भी टाइम्स की निरंतरता व नियमितता के साथ विश्वसनीयता व प्रामाणिकता की सराहना की।






