




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अगस्त 2026। आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर श्रीडूंगरगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख् दलों द्वारा जोर शोर से चुनावी तैयारियां की जा रही है। पार्टी कार्यालयों में संभावित प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही बढ़ने के साथ ही वार्डवार बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है।
भारतीय जनता पार्टी में श्रीडूंगरगढ़ शहर मंडल द्वारा वार्डवार आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। शहर के विभिन्न वार्डों के टिकट के दावेदार आवेदन लेकर भाजप कार्यालय पहुंच रहें है। भाजपा कार्यालय में शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, शहर महामंत्री मदन सोनी की मौजूदगी में संभावित प्रत्याशियों से आवेदन प्राप्त किए जा रहें है। टिकट को लेकर दावेदारों में खासाा उत्साह देखने को मिल रहा है।
दूसरी ओर कांग्रेस ने भी नगरपालिका चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को गति दे दी है। गुरूवार को पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा की मौजूदगी में कांग्रेस की विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक में वार्ड वार संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं से राय ली गई। वरिष्ठ कार्यकर्ता राधेश्याम सारस्वत ने बताया कि प्रत्येक वार्ड से कार्यकर्ताओं की राय ली जा रही है और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम विचार प्रक्रिया की जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है। कांग्रेस ने एकजुट होकर मजबूती से चुनाव लड़ने और इस बार पालिका में सत्ता परिवर्तन का लक्ष्य लेकर चुनावी मैदान में उतरने की मंशा जाहिर की है।
नगरपालिका चुनाव को लेकर दोनों ही दलों में टिकट के दावेदार सक्रिय हो गए है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजनीतिक सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।






