







योग दिवस पर रेल मंत्री से मिले भाजपा नेता, सूडसर स्टेशन पर ट्रेन ठहराव और FOB की उठाई मांग
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जून 2026। आज योग दिवस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम बीकानेर में है। उनसे संबंधित कार्यो के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की समस्या समाधान की मांग कर रहे है। ऐसे में भाजपा बीकानेर देहात सोशल मीडिया जिला संयोजक पवन स्वामी ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग है कि सूडसर रेलवे स्टेशन पर हरिद्वार-बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस के ठहराव की जाए। उन्होंने ज्ञापन देने के दौरान बताया कि सूडसर रेलवे स्टेशन आसपास के 30 से अधिक गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है और लंबे समय से क्षेत्रवासी ट्रेन संख्या 14717/14718 हरिद्वार एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मांग कर रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, किसानों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं स्वामी ने सूडसर में फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के निर्माण की मांग भी उठाई गई है। पवन स्वामी ने बताया कि गांव के बीच से रेलवे लाइन गुजरती है, जिसके एक ओर प्रसिद्ध हनुमानजी महाराज का मंदिर और बड़ी आबादी स्थित है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसे में जन सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण बेहद जरूरी है। रेल मंत्री ने दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।

ग्रामीण सेवा शिविर में स्कूल भवनों की जांच, जर्जर भवनों की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंपी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जून 2026। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने विभिन्न सरकारी विद्यालयों के भवनों का निरीक्षण कर जर्जर और मरम्मत योग्य भवनों को चिन्हित किया है। विभाग द्वारा तैयार सर्वे रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंप दी गई है ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किए जा सकें। अधीक्षण अभियंता विमल गहलोत ने बताया कि तकनीकी टीम ने सूरजनसर, उदासर चारणान, लाखनसर, रावलिया लाखनसर, धीरदेसर पुरोहितान तथा संस्कृत विद्यालय धीरदेसर पुरोहितान सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ भवनों में छतों पर दरारें, प्लास्टर उखड़ने और अन्य संरचनात्मक कमियां सामने आईं। पीडब्ल्यूडी ने भवनों का फोटो और जीपीएस लोकेशन सहित विस्तृत सर्वे तैयार कर शिक्षा विभाग को सौंप दिया है। विभाग का कहना है कि चिन्हित भवनों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।




