






1- तर्ड परिवार ने दिया दहेज मुक्त विवाह का संदेश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ निवासी मामराज तर्ड ने अपने पुत्र के विवाह में दहेज मुक्त विवाह का संदेश दिया। तर्ड ने अपने पुत्र सुभाष का विवाह बिग्गाबास रामसरा निवासी किसन ओला की बहन शिवानी (BSF) के साथ संपन्न करवाया। तर्ड ने बताया कि विवाह समारोह उदरासर में संपन्न हुआ और वधू पक्ष से दहेज का सामान व समठूनी में कोई नगदी नहीं ली गई है। तर्ड ने कहा कि संस्कारी व शिक्षित कन्या ही लक्ष्मी का स्वरूप है। जिससे दो परिवार रोशन होते है। पारिवारिक सदस्यों व वधू पक्ष ने इसे प्रेरणीय पहल बताते हुए समाज में अन्य लोगों के लिए अनुकरणीय बताया।

2- युवा संघर्ष समिति रीड़ी के युवाओं ने जिला कलेक्टर के नाम दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवा संघर्ष समिति रीड़ी के युवाओं ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर गांव की समस्याओं का 7 दिन में समाधान करने के लिए चेतावनी देते हुए अंतिम ज्ञापन देने की बात कही। ग्रामीणों ने पेयजल संकट दूर करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षा संबंधी समस्याओं एवं आधारभूत सुविधाओं के अभाव से लोग जूझ रहें है। जर्जर टंकी का निर्माण करवाने, राउमावि के सामने बरसात के दौरान होने वाले जलभराव का स्थाई समाधान करवाने,, राजकीय महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय के जर्जर भवन का नवनिर्माण करवाने, राउमावि शिक्षकों का डेपुटेशन निरस्त करने की मांगे रखी। इस दौरान रेखाराम कालवा, बींझाराम जाखड़, मनोज जाखड़, पूरनाथ जाखड़, गणपत, रामनिवास, प्रह्लाद, गिरधारीनाथ, भगवानाराम, हेतराम, तुलसीराम जाखड़, गोपी खाती, चांद जाखड़ ने ज्ञापन में धरना, भूख हड़ताल एवं जनआंदोलन प्रारंभ करने के लिए बाध्य होंगे।

3- कौशिक को वापस बुलाने के लिए छात्राओं ने दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राबाउमा विद्यालय के प्रधानाचार्य पद्मा कौशिक को स्कूल में वापस लाने के लिए विद्यालय की छात्राओं ने विधायक के नाम पत्र लिखा है। छात्राओं ने पत्र में बताया कि कौशिक ने स्कूल में अनुशासन के लिए अनेक प्रयास किए और स्कूल में नए बदलाव करते हुए सुचारू संचालन किया है। स्कूल व छात्र हित में पद्मा कौशिक को स्कूल में वापस लगाया जावें। छात्राओं ने उपखंड अधिकारी व डायरेक्टर बीकानेर के भी कॉपी भेजी है। बता देवें कौशिक को गत 16 जुन को प्रशासनिक कारणों से एपीओ कर दिया गया और 5 जुलाई को उनका तबादला करके भादरा, हनुमानगढ़ भेज दिया गया है।


