


उपचार के लिए सहायता में बढ़े हाथ, समिति ने खेताराम को सौंपी 21 हजार की राशि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर में श्रीभोमिया दादा सेवा समिति के सेवादारों द्वारा एक जरूरतमंद परिवार को आर्थिक सहायता देते हुए मानवीयता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। समिति सदस्यों ने गांव के खेताराम मेघवाल को उनके ह्रदय व लिवर रोग उपचार के लिए 21 हजार रुपये का चेक भेंट दिया है। सदस्यों ने बताया कि करीब ढाई माह पूर्व अचानक खेताराम को हृदय एवं लिवर संबंधी बीमारी हो गई थी, जिसके चलते उन्हें उपचार की आवश्यकता आन पड़ी है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए समिति सदस्यों ने सहयोग का निर्णय लिया और सदस्यों ने आपसी सहयोग से राशि एकत्र की। गुरूवार को खेताराम को राशि सौंप दी गई व समिति के इस सहयोग के लिए परिवार ने सदस्यों का आभार जताया। इस अवसर पर महावीर प्रसाद शर्मा, मनोज कुमार संचेती, राकेश कुमार, गोपालराम, प्रभुराम, सांवरमल, भागीरथ, हितेश, मदन सिंह, दीनदयाल एवं मुकेश सहित समिति के सेवादार उपस्थित रहे। वहीं खेताराम, जीवनराम, बजरंगलाल, बनवारी, किशनलाल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहें। सभी ने ईलाज के लिए सहायता के इस प्रयास को खूब सराहा।

श्रीडूंगरगढ़ से खाटूश्यामजी की 18वीं विशाल पदयात्रा का पोस्टर विमोचन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीश्याम परिवार संघ की ओर से श्रीडूंगरगढ़ से खाटूश्यामजी तक आयोजित होने वाली 18वीं विशाल पदयात्रा के पोस्टर का विमोचन गुरूवार को श्याम दरबार में श्याम जयकारों के साथ किया गया। इस अवसर पर आपणो गांव सेवा समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित, मदन सोनी, दिनेश प्रजापत सहित संघ सदस्य मौजूद रहे। संघ सदस्यों ने समिति अध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों का श्याम दुपट्टे से सम्मान किया। सभी सदस्यों ने पोस्टर का विमोचन किया और यात्रा के सफल आयोजन के लिए मंगलकामनाएं की। संघ सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 सितम्बर को सुबह सवा सात बजे श्याम धोरा मंदिर से संघ की रवानगी होगी। यात्रा में बाबा श्याम की अखंड ज्योत पूरे मार्ग में प्रज्ज्वलित रहेगी। इस दौरान बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी। वहीं डीजे और बाबा के भजनों की गूंज के बीच पदयात्री नाचते-गाते खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा के दर्शन करेंगे। संघ सदस्यों ने यात्रा संबंधी तैयरियां प्रारंभ कर दी है।

भारती निकेतन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की गूंज, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रभक्ति का संकल्प।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ‘हर घर तिरंगा अभियान’के तहत गुरूवार को भारती निकेतन स्कूल एवं कॉलेज में विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान की प्रेरणा दी गई। विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्थान के डायरेक्टर श्यामसुंदर स्वामी, सीईओ मनमोहन शर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. आनंद नारायण पुरोहित, कोऑर्डिनेटर रमेश भोजक, राज सर, एनसीसी एएनओ नितिन सिंह, कॉमर्स एचओडी कुलदीप शर्मा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य विक्रम सिंह, प्रधानाचार्य सत्यनारायण स्वामी, तुहीनेन्द्र मिश्रा, श्रीकिशन स्वामी एवं उम्मेद सिंह सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। भाजपा संगठन के मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, अभियान सदस्य नारायण कालाणी, जितेंद्र जवरिया, अनिल आसोपा, आशीष सोनी एवं मदन सोनी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।






